आत्मानंद स्कूल की क्लास में चाकू लहराने वाला गिरफ्तार

आत्मानंद स्कूल की क्लास में चाकू लहराने वाला गिरफ्तार

आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, मोवा में कक्षा के भीतर चाकू लहराने की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के मुख्य आरोपी छात्र को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्कूल की कक्षा के अंदर कुछ छात्र चाकू लहराते नजर आ रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पण्डरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा मुख्य आरोपी सुशांत प्रधान (19 वर्ष), पिता सुशील प्रधान, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी सड्डू, कक्षा 12वीं का छात्र है। आरोपी ने करीब एक माह पूर्व स्कूल परिसर में अवैध रूप से चाकू लाया था और कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को दिखाया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद तीन अन्य नाबालिग छात्रों ने चाकू हाथ में लेकर वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाकू रखने और स्कूल परिसर में लाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से चाकू बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। थाना पण्डरी में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

वायरल वीडियो में शामिल अन्य तीन छात्र विधि से संघर्षरत बालक पाए गए हैं। उनकी भूमिका गौण होने के कारण उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के बजाय सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार की जा रही है और उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस ने विद्यालय परिसर में अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल प्रबंधन के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।