लिफ्ट देने के बहाने चाकू की नोक पर 10 हजार की लूट, एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
रायपुर। चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना आजाद चौक क्षेत्र का है। प्रार्थी मनीष कुमार यदु, निवासी ग्राम सुरपा, जिला दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 फरवरी 2026 को वह मंदिर हसौद चौक से एक मोटरसाइकिल चालक के साथ लिफ्ट लेकर रायपुर आ रहा था। रास्ते में चालक ने शराब पीने की बात कही। लाखे नगर चौक पहुंचने के बाद आरोपी उसे उतारकर ईदगाहभाठा स्थित ससुराल जाने की बात कहकर चला गया। कुछ समय बाद वह अपने मित्र के साथ लौटा और प्रार्थी को सरोना स्थित जायका शोरूम छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल में बैठा लिया।रात करीब 1 बजे मुकुट नगर के आगे एक सुनसान गली में मोटरसाइकिल रोककर दोनों आरोपियों ने पैसे की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने चाकू पेट पर टिकाकर उसकी जेब से 10 हजार रुपये लूट लिए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 46/25 धारा 309(4) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान आरोपी शेख कबीर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ईदगाहभाठा को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1500 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



