रेलवे स्टेशन के बाहर 13 किलो गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार
राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 13 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को थाना क्षेत्र के रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग के पास से पकड़ा गया। दोनों अपने बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया। जांच में सामने आया कि दोनों आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा के खरियार रोड क्षेत्र से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13.156 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।



