पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट: 21 मजदूरों की मौत, प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति ने जताया शोक

पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट: 21 मजदूरों की मौत, प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति ने जताया शोक

तमिलनाडु में रविवार शाम को दक्षिणी विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी गांव में एक निजी पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके में 21 मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल थीं।

राज्य पुलिस महानिदेशक के (डीजीपी) मुख्यालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस त्रासदी में 21 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने रविवार को तमिलनाडु में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 20 लोगों की मौत पर शोक जताया है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने 'एक्स' पर अपने एक संदेश में कहा कि तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुई त्रासदी बेहद दुखद है। उन्होंने कहा, "मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

पीएम मोदी ने अपनी शोक संवेदना में कहा कि तमिलनाडु के विरुधुनगर ज़िले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है।उन्होंने एक्स पर कहा, " मैं उन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जो अपने प्रियजनों को खोने के दुख से गुज़र रहे हैं। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों"

बताया जा रहा है कि यह धमाका पटाखे बनाने के लिए रसायनों को मिलाते समय घर्षण के कारण हुआ। यह घर्षण जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण पैदा हुई होगी। धमाका इतना जोरदार था कि चार कमरों में काम कर रहे लगभग 30 मजदूर पूरी तरह से मलबे में दब गये और बुरी तरह जल गये।

जानकारी के अनुसार अधिकतर शव इस तरह झुलसे थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह धमाका मुथुमानिकम के स्वामित्व वाली 'वनजा क्रैकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट' में हुआ, जिसके पास सरकारी लाइसेंस था। धमाके की खबर सुनते ही फैक्ट्री का मालिक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि रविवार को छुट्टी का दिन घोषित होने के बावजूद फैक्ट्री खोली गई थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धमाके में मजदूरों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुई दुखद दुर्घटना से गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मेरी प्रार्थनाएं।'

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने धमाके में मजदूरों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। उन्होंने धमाके में मारे गये लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने जिला कलेक्टर से भी बात की और उन्हें पुलिस, दमकल विभाग तथा अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को अंजाम देने और पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।