उत्तर विधानसभा में विकास कार्यों की नई सौगात, विधायक पुरंदर मिश्रा एवं महापौर मीनल चौबे ने किया नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र एवं उद्यान का लोकार्पण

उत्तर विधानसभा में विकास कार्यों की नई सौगात, विधायक पुरंदर मिश्रा एवं महापौर मीनल चौबे ने किया नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र एवं उद्यान का लोकार्पण

रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मदर टेरेसा वार्ड में आज नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र एवं उद्यान का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र एवं उद्यान का लोकार्पण किया तथा इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, वहीं नवनिर्मित उद्यान क्षेत्र के नागरिकों, बच्चों एवं वरिष्ठजनों के लिए स्वच्छ, सुंदर और आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने भी इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं और बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

लोकार्पण समारोह में सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, MIC सदस्य एवं पार्षद श्री संतोष साहू, जोन अध्यक्ष श्रीमती साधना प्रमोद साहू एवं मंडल अध्यक्ष श्री दलविंदर बेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह एवं हर्ष का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इस सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

*आंगनबाड़ी से संवरेगा बचपन, उद्यान से महकेगा जीवन — विकास और जनसुविधाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल।*