थाना प्रभारी सस्पेंड, दुष्कर्म मामले में कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

थाना प्रभारी सस्पेंड, दुष्कर्म मामले में कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

महासमुंद। दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट नहीं लिखना थानेदार को भारी पड़ गया। पीड़िता की शिकायत के बाद महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने कोमाखान थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। इधर अधिकारी पर कार्रवाई की खबर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार दुष्कर्म की पीड़िता FIR दर्ज कराने के लिए कोमाखान थाना पहुंची थी। उसने कांग्रेस नेता उत्तम राणा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, लेकिन उसे काफी देर बिठाने के बावजूद FIR नहीं लिखी गई।पीड़िता ने इसकी शिकायत टीआई शैलेन्द्र नाग से की, लेकिन उन्होंने भी पीड़िता को चलता कर दिया। पीड़ित युवती ने FIR दर्ज नहीं होने पर सीधे एसपी आशुतोष सिंह से मुलाकात की और कोमाखान थाने के टीआई के खिलाफ शिकायत कर दी।शिकायत के बाद SP काफी नाराज हुए। उन्होंने अधीनस्थों को तत्काल टीआई के खिलाफ जांच का आदेश दे दिया। टीआई द्वारा FIR दर्ज नहीं करने की पुष्टि होने के बाद एसपी आशुतोष ने तत्काल प्रभाव से टीआई शैलेंद्र नाग को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद FIR दर्ज कर आरोपी उत्तम राणा को गिरफ्तार भी लिया गया।