डेढ़ साल के मासूम की निर्मम हत्या, सिगरेट से जलाया गया, दांत तोड़े फिर मर्डर कर शौचालय में फेंक दिया

डेढ़ साल के मासूम की निर्मम हत्या, सिगरेट से जलाया गया, दांत तोड़े फिर मर्डर कर शौचालय में फेंक दिया

दिल्ली। आनंद पर्वत इलाके में डेढ़ साल के मासूम की निर्मम हत्या कर दी गई। आयुष के शरीर को सिगरेट से जलाया गया, उसके दांत तोड़े गए, और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके चेहरे को पत्थर से कुचलकर शव को एक टॉयलेट में फेंक दिया गया। बच्चे का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर मिला। आयुष अपने माता-पिता और बहन के साथ कठपुतली कॉलोनी, राजीव कैंप, आनंद पर्वत में रहता था। उसके पिता कुणाल कुमार शादी और अन्य कार्यक्रमों में ढोल बजाने का काम करते हैं। आयुष के दादा मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7.30 बजे आयुष घर के सामने खेल रहा था जब वह अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश की और रातभर खोजने के बाद भी आयुष का पता नहीं चला।सुबह करीब 9.00 बजे एमसीडी के स्थानीय शौचालय में कपड़े में लिपटा आयुष का शव मिला। पड़ोसियों से खबर मिलने के बाद परिवार मौके पर पहुंचा। मासूम के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आयुष कुणाल का इकलौता बेटा था और उसकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।रविवार सुबह जब बच्चे का शव मिला तो परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्से में लोगों ने न्यू रोहतक रोड को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद ही लोग शांत हुए। दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों का पता लगाने के लिए चार टीमें गठित की हैं। डीसीपी एम हर्षवर्धन ने हत्या की पुष्टि की है।