पुल से नीचे गिरा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, चार लोगों की मौत, बच गया बकरा

जबलपुर। एमपी के नरसिंहपुर के दूल्हा देव मंदिर से दर्शन कर लौट रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी चरगवां इलाके में सोमती नहर के पुल से नीचे गिर गई। हादसे में गाड़ी में सवार 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्कॉर्पियो में सवार एक बकरा सुरक्षित बच गया।स्थानीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी और पुल के पास चालक का नियंत्रण खो गया, जिससे गाड़ी सीधे नीचे नहर के किनारे जा गिरी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कोर्पियो गोटेगांव से जबलपुर की ओर जा रही थी और काफी तेज रफ्तार में थी। पुल पर जैसे ही स्कोर्पियो पहुंची तो ज्यादा स्पीड होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और रैलिंग को तोड़ते हुए स्कोर्पियो सीधे नीचे जा गिरी। हादसे में स्कोर्पियों में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान किशन पटेल पिता गुलजारी लाल पटेल उम्र 35 साल, महेंद्र पटेल पिता तीरथ पटेल उम्र 35 साल, सागर पटेल पिता राजेश पटेल उम्र 17 साल, राजेंद्र पटेल पिता नारायण पटेल उम्र 36 साल सभी निवासी चौकीताल के रूप पर हुई है। वहीं जितेंद्र पटेल पिता नारायण प्रसाद पटेल, मनोज पटेल पिता गोविंद पटेल उम्र 37 साल घायल हैं।