शासकीय दंतेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, जगदलपुर मानवविज्ञान विभाग द्वारा संग्रहालय विज्ञान पर केंद्रित शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन

मानवविज्ञान विभाग, शासकीय दंतेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, जगदलपुर द्वारा बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्राओं के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को बस्तर संभाग स्थित पुरातत्व संग्रहालय (जिला बस्तर) ले जाया गया। संग्रहालय में बस्तर अंचल के विभिन्न हिस्सों से संकलित पुरातात्विक सामग्री, प्राचीन मूर्तियाँ, शिलालेख, औजार, स्थापत्य खंड एवं सांस्कृतिक महत्व की वस्तुएँ प्रदर्शित थीं, जिनका अवलोकन कर छात्राओं को क्षेत्रीय इतिहास और संस्कृति की गहराइयों से परिचित होने का अवसर मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण का सुचारू संचालन विभागाध्यक्ष श्री भुवनेश्वर कुमार, डॉ. श्यामाचरण एवं श्रीमती शबाना बेगम के निर्देशन में किया गया। उन्होंने मानव समाज में पुरातत्व की भूमिका, अतीत और वर्तमान को जोड़ने वाले स्रोतों की व्याख्या तथा संरक्षण की आवश्यकता पर छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। विभागाध्यक्ष श्री कुमार ने कहा—
“शैक्षणिक भ्रमण न केवल पाठ्य ज्ञान को जीवंत बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में सांस्कृतिक विरासत के प्रति सरोकार और जिम्मेदारी का भाव भी जागृत करते हैं।”
संग्रहालय के कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शनी कक्षों में उपलब्ध प्रत्येक सामग्री का वैज्ञानिक विवरण और ऐतिहासिक संदर्भ प्रस्तुत किया गया, जिससे भ्रमण अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
यह आयोजन नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संचालित Skill Enhancement Course (SEC) के संग्रहालय विज्ञान विषय से संबद्ध था। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।