एक दर्जन छात्राएं बीमार, दो एम्स में भर्ती

एक दर्जन छात्राएं बीमार, दो एम्स में भर्ती

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पानी पीने से एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित हो गई हैं। इनमें से दो छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार मूल विज्ञान केंद्र की कई छात्राएं पिछले कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित थीं।

जांच में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार शुरू किया गया। संक्रमण फैलने की आशंका के चलते कई छात्राएं एहतियातन अपने घर लौट गई हैं।

छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रबंधन ने नियमित सफाई और तकनीकी जांच पर ध्यान नहीं दिया।

वाटर कूलरों की सफाई और पानी की लैब जांच नहीं होने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। इधर एनएसयूआई ने पेयजल की तत्काल जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।