नहीं थम रहा मौत का सिलसिला, बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे युवक ने शिवनाथ नदी में लगाई छलांग

नहीं थम रहा मौत का सिलसिला, बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे युवक ने शिवनाथ नदी में लगाई छलांग

दुर्ग। शिवनाथ नदी के छोटे पुल के पास मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की रात एक बुलेरो पिकअप के शिवनाथ नदी में गिरने से 5 लोगों को मौत हो गई थी जिसमें से एक लड़की अभी भी लापता है। वहीं बुधवार की रात बर्थ डे पार्टी मनाकर लौट रहे युवक ने शिवनाथ नदी में छलांग लगा दी है। जिसकी तलाश एसडीआरएफ के टीम द्वारा की जा रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग के शिवनाथ नदी में जिस जगह एक दिन पहले चार लोगों के शव निकले और एक लड़की लापता है वहां फिर से एक और खुदकुशी का मामला सामने आया है। नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी करने वाले युवक की पहचान बोरसी निवासी उमाकांत साहू पिता विश्राम साहू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के पिता विश्राम साहू एक्स आर्मीमैन हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी है। उमाकांत उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने अपने पुत्र को एक स्कार्पियों खरीद कर दी थी। उसे सरकारी विभाग में अटैच करा दिया था। उसी गाड़ी को उमाकांत चलाता था। पिता ने बताया कि उमाकांत मंगलवार रात अपने दोस्त कुणाल की बथर्डे पार्टी में गया था। उसके बाद देर रात कुणाल का फोन आया कि उमाकांत शिवनाथ नदी में कूद गया है। सूचना मिलेत ही पुलगांव पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद सुबह एसडीआरएफ दुर्ग की टीम को बुलाया गया। टीम सुबह 7 बजे से सर्चिंग आॅपरेशन चला रही है।
बर्थडे ब्वाय कुणाल ने बताया कि वो लोग रात को दुर्ग राजनांदगांव बाइपास में हमर ढाबा में खाना खाने गए थे। पार्टी में चार दोस्त थे। पार्टी करने के बाद दो दोस्त कार से निकल गए। वहीं उमाकांत अपनी बुलेट से कुणाल को लेकर घर जाने के लिए निकला। कुणाल ने बताया कि वो छोटे पुल के रास्ते से निकला। उसने बुलेट को पुल के पास खड़ी किया। इसके बाद कुणाल को पर्स, घड़ी, मोबाइल दिया और नदी में कूद गया। कुणाल का कहना है उसने उसे रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद उसने पुलिस और उसके घरवालों को सूचना दी।