चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा रात करीब 12 बजे जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
रिपोर्ट के मुताबिक, बस में करीब 35 यात्री सवार थे और आग की चपेट में आने से 9 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस से ऊंची लपटें उठती देख एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची तथा दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। बस में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



