नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा के छठवें दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल फाफाडीह चौक से शुरू होगी पदयात्रा, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक (लाल चौक) में होगा समापन
रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा एवं जनसंवाद के जरिए आमजन, युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।
इसी क्रम में 30 सितंबर को पदयात्रा के छठवें दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय दोपहर 2:30 बजे पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय पदयात्रा में सहभागिता कर नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे तथा युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारवान समाज के निर्माण का संदेश देंगे।
फाफाडीह चौक से शुरू होकर लाल चौक में होगा समापन
30 सितंबर को नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा फाफाडीह चौक से प्रारंभ होगी। पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक (लाल चौक) पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा एवं आम नागरिक पदयात्रा में शामिल होंगे।
नशे के विरुद्ध जनजागरण का संदेश
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। नशामुक्ति अभियान का उद्देश्य जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारवान समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा संकल्प को साकार करने की दिशा में यह अभियान जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि 30 सितंबर को फाफाडीह चौक से आयोजित नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशे के विरुद्ध जनजागरण के इस अभियान को मजबूती प्रदान करें।



