रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी का अपहरण!...
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े एक कारोबारी के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। शिकायत के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में पहुंचे तीन युवक कारोबारी को जरूरी बात करने के बहाने फ्लैट से बाहर बुलाकर कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल बंद बताया जा रहा है। खमतराई पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कारोबारी की तलाश शुरू कर दी है।
दोपहर में दफ्तर से फ्लैट पहुंचे थे कारोबारी
घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की बताई जा रही है। कारोबारी प्रतीक राय अपने दफ्तर से भोजन करने के लिए रांवाभाठा स्थित डीएम टावर में अपने फ्लैट पहुंचे थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो टावर के बाहर आकर रुकी।
जरूरी बात करने के बहाने बुलाया बाहर
शिकायत के अनुसार, स्कॉर्पियो में करीब तीन युवक सवार थे। आरोप है कि युवकों ने प्रतीक राय से जरूरी बात करने की बात कही और उन्हें फ्लैट से बाहर बुलाया। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए।
पुलिस को वाहन का नंबर UP 32 RR 7454 बताया गया है। पुलिस अब वाहन और उसमें सवार संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है।
मोबाइल बंद, पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका
प्रतीक राय के कथित तौर पर ले जाए जाने के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। कारोबारी की पत्नी अनिता राय ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शहर में नाकेबंदी, पुलिस जुटी तलाश में
शिकायत मिलने के बाद खमतराई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम कारोबारी की तलाश के साथ-साथ संदिग्ध स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों का पता लगाने में जुटी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
फिलहाल अपहरण के पीछे की वजह और कारोबारी को कहां ले जाया गया, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।



