नोटिस के बाद भी काम पर नहीं लौटे पटवारी, बस्तर में 116 के खिलाफ कार्रवाई
छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच बस्तर जिला प्रशासन ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए जिले के 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ यानी सेवा में व्यवधान घोषित कर दिया गया है। वहीं, 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी शामिल हैं। कुल 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।
जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर
तहसीलवार कार्रवाई में जगदलपुर और बस्तर तहसील सबसे अधिक प्रभावित हैं। जगदलपुर में पदस्थ 26 पटवारियों में से 25 हड़ताल पर हैं। इनमें 23 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और दो के निलंबन की कार्रवाई की गई है। यहां केवल एक पटवारी काम पर है। बस्तर तहसील में सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने यहां सभी का ब्रेक इन सर्विस किया है और दो को निलंबित भी किया है।
भानपुरी तहसील में 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। बकावण्ड में 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं, जिनमें 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।
अन्य तहसीलों में भी कार्रवाई
लोहण्डीगुड़ा में 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं। इन सभी का ब्रेक इन सर्विस किया गया है और दो को निलंबित किया गया है। करपावण्ड में हड़ताल पर गए 10 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन हुआ है। नानगुर में आठ हड़ताली पटवारियों में से सात पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
इसी तरह तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में दो का ब्रेक इन सर्विस और दो का निलंबन, बास्तानार में 16 में से नौ हड़तालियों में दो का ब्रेक इन सर्विस और दो का निलंबन तथा दरभा में 18 में से 13 हड़तालियों में एक का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में पटवारी हड़ताल को लेकर टकराव और बढ़ने के संकेत हैं।



