स्मार्ट मीटर के बढ़े हुए बिजली बिलों पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, बिजली कार्यालय में धरना

स्मार्ट मीटर के बढ़े हुए बिजली बिलों पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, बिजली कार्यालय में धरना

राजधानी रायपुर के लाखे नगर स्थित बिजली कार्यालय में गुरुवार को स्मार्ट मीटर के जरिए आ रहे कथित मनमाने और अत्यधिक बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर कार्यालय पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल को मौके पर बुलाया।

उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने पहुंचे कन्हैया अग्रवाल ने अधिकारियों की अनुपस्थिति और कथित संवेदनहीनता पर नाराजगी जताई। इसके बाद वे पीड़ित उपभोक्ताओं के साथ बिजली कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिलों में हुई तीन से पांच गुना तक की वृद्धि की शिकायतों की जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित बिलों में सुधार किया जाएगा। साथ ही जांच पूरी होने तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटने का भरोसा भी दिया गया।

धरने के दौरान कन्हैया अग्रवाल ने राज्य सरकार और बिजली विभाग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में बिजली विभाग के मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और प्रभावित बिजली उपभोक्ता शामिल रहे। इस दौरान उपभोक्ताओं ने बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच और त्वरित समाधान की मांग की।