प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पेंशनर्स महासंघ ने वरिष्ठ नागरिकों की रेल किराया छूट बहाल करने की मांग उठाई
रायपुर । भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव एवं अन्य पदाधिकारी क्रमशः जे पी मिश्रा, बी के वर्मा,अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, आलोक त्रिवेदी, द्रौपदी यादव,एन आर साहू, लोचन पांडेय, उर्मिला शुक्ला, आर एन ताटी,शेषा सक्सेना, एम एन पाठक, आर के टंडन, टी पी सिंह, बी एस दसमेर,शैलेन्द्र सिन्हा, अनिल पाठक,आर जी बोहरे, ओ डी शर्मा,अनूप नाथ योगी आदि ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों तथा आम नागरिकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर महासंघ ने प्रधानमंत्री से एक महत्वपूर्ण लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
महासंघ की ओर से सोशल मीडिया मंच X के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे गए संदेश में अनुरोध किया गया है कि कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों की रेल यात्रा किराया छूट को पुनः प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों वरिष्ठ नागरिक, पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी सीमित आय पर जीवनयापन कर रहे हैं। ऐसे में रेल किराये में पूर्ववत छूट की बहाली उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करेगी तथा उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगी।
श्री नामदेव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में मिलने वाली छूट वर्षों से एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुविधा रही है। कोरोना काल में इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया था, किंतु परिस्थितियां सामान्य होने के बाद भी इसे पुनः लागू नहीं किया गया है। महासंघ का मानना है कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर यदि इस सुविधा को पुनः प्रारंभ किया जाता है तो यह देश के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान का महत्वपूर्ण संदेश होगा।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार से वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराया छूट की सुविधा शीघ्र बहाल करने की मांग की है।



