छत्तीसगढ़ में 10 लाख कैश सहित 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में 10 लाख कैश सहित 3 गिरफ्तार

जगदलपुर। छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पुलिस ने 10 लाख रुपए कैश के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि, यह तीनों युवक ओडिशा से पैसे लेकर आ रहे थे। हालांकि यह पैसे किसने दिए थे? किस काम के लिए दिए थे? कहां पहुंचाने जा रहे थे? इस बात का खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है। पुलिस ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को भी इसकी जानकारी दी है। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बॉर्डर पर धनपुंजी में चेकपोस्ट लगाया है। हर दिन की तरह सोमवार की रात भी पुलिस बॉर्डर पार करने वाली वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से एक नीले रंग की कार आई तो जवानों ने रोक लिया। कार में तीन युवक सवार थे। पूछताछ के साथ ही कार की तलाशी भी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 500-500 रुपए के करीब 20 बंडल बरामद किए गए। पुलिस ने नोटों की गिनती की तो लगभग 10 लाख रुपए निकले। पूछताछ में युवक रुपयों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इस पर पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। साथ ही इनकम टैक्स विभाग को इसकी जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।