स्टील प्लांट में धमाका : एक मजदूर की मौत, दो बुरी तरह झुलसे

स्टील प्लांट में धमाका : एक मजदूर की मौत, दो बुरी तरह झुलसे

दुर्ग  जिले के रसमडा स्थित रायपुर स्टील प्लांट में बीती रात्रि 12 बजे सुबह एक बड़ा धमाका हो गया। धमाके में  क्रेन ऑपरेटर खेमलाल 30 साल की मौत हो गई। वही टेवेन्द्र कुमार साहू 31 साल ग्राम बोरई पोटिया, पचास प्रतिशत से अधिक झुलस गये है। एक और मजदूर सदानंद सिंह, 42 साल ममता नगर राजनांदगांव निवासी का पैर फैक्चर हो गया। इस हादसे में झुलसे टेवेन्द्र कुमार साहू का उपचार सेक्टर 9 हॉस्पिटल के बर्न यूनिट में चल रहा है। जबकि सदानंद का उपचार आरोग्यम हॉस्पिटल में चल रहा है। टेवेन्द्र की देख रेख के लिए कंपनी की ओर से दो लोगों की डयूटी लगाई गई है। आरोग्यम में भर्ती मजदूर सदानंद को देखने तक कंपनी का कोई भी व्यक्ति नही पहुंचा है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने घायलों के इलाज के लिए उनके परिजनों को 15 लाख रूपये का चेक दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की तरह ही शनिवार देर रात 12 बजे भी कंपनी के अंदर लोहे को पिघलाने का  काम चल रहा था जहां 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भट्ठी में ब्लास्ट हो गया। इससे वहां क्रेन ऑपरेट करने वाले मजदूर खेमलाल साहू की गिरने से मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर अंजोरा और दुर्ग पुलिस पहुंच गई है इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही ब्लास्ट के कारणों का पता चल पाएगा।

मजदूरों के परिजनों ने बताया कि कि इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी प्रबंधन का एक भी जिम्मेदार आदमी मौके पर नहीं पहुंचा है। जबकि इस मामले को लेकर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर संदीप गर्ग ने का कहना है कि कंपनी घायलों और मृतक परिवार के साथ है। देर रात घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन मौके पर पहुंचा। मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपए और उसके बाद 15 लाख रुपए का चेक देकर उनकी सहायता की गई। जो घायल हुए हैं उनका इलाज कराया जा रहा है। कंपनी ने सभी मजदूरों का ईएसआईसी बनवाया है। उससे भी उन्हें बेहतर इलाज मिल पाएगा।

इस हादसे में झुलसे मजदूर टेवेंद्र कुमार साहू के पिता मुरलीधर साहू का कहना है कि उनका बेटा रायपुर स्टील प्लांट रसमड़ा में काम करता था। उन्होंने बताया कि उनके पास रविवार सुबह 7 बजे के करीब फोन आया कि उनके बेटे को सेक्टर 9 हॉस्पिटल लेकर गए हैं। वो झुलस गया है। जाने पर पता चला कि वो 50 प्रतिशत झुलस गया है। मुरलीधर ने हमारे संवादादाता से रोते हुए कहा कि उसके बेटे के बीबी बच्चे हैं। हमें कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ हमारा बेटा बच जाए।

श्रमिक नेता एचएस मिश्रा घायलों से मिलने स्वयं सेक्टर 9 हॉस्पिटल एवं आरोग्मय हॉस्पिटल मिलने पहुंचे। घायल मरीजों और परिजनों से बात किये। उनसे पूरे घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। घायल कर्मचारियों ने बताया कि घटना के समय कोई जिम्मेदार सुपरवाईर या अन्य कोई जिम्मेदार  अधिकारी वहीं नही थे। यहां 12 घंटे काम लिया जाता है, छुट़टी नही दी जाती है। काम का बहुत दबाव है। मृतक खेमलाल साहू के निधन पर मिश्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों को ढांढस बंधाया है। मृतक रसमडा क्षेत्र का ही निवासी बताया जाता है। यहां ये बताना भी लाजिमी होगा कि उक्त क्षेत्र केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू का विधानसभा क्षेत्र है, इस क्षेत्र में इतना बडा हादसा  हो गया गया।  जिसमें एक कीमौत हो गई वही दो लोग घायल हो गये है। मिश्रा ने आगे बताया कि श्रम कानूनों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। मृतक परिवार व घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग वे राज्य शासन व जिला प्रशासन से करेंगे। इस संबंध में वे अपने श्रमिक साथियों के साथ  संभागायुक्त, दुर्ग रेंज के आईजी व कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपने जायेंगे।