भिलाई में फ्लाईओवर से नीचे गिरकर युवती की मौत, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की गई जान

भिलाई में फ्लाईओवर से नीचे गिरकर युवती की मौत, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की गई जान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। भिलाई के पावर हाउस फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद 21 वर्षीय युवती पूनम अहिरवार की जान चली गई। वहीं, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पावर हाउस फ्लाईओवर से गिरी युवती, मौत की वजह पर संशय

भिलाई के पावर हाउस फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। खुर्सीपार निवासी 21 वर्षीय पूनम अहिरवार फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसकी मौत हो गई। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पूनम सुबह घर से टहलने के लिए निकली थी। उसने अपने पिता को वॉक पर जाने की बात बताई थी। बताया गया है कि वह लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और एम्स अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।

मिर्गी का दौरा पड़ा या कुछ और थी वजह?

युवती फ्लाईओवर से नीचे किन परिस्थितियों में गिरी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि उसने जानबूझकर छलांग लगाई थी। सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की भिड़ंत

दूसरा हादसा दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर हुआ। यहां नवीन बस सर्विस की यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस दुर्ग से बेमेतरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने ई-रिक्शा को बचाने की कोशिश की, लेकिन टक्कर टाली नहीं जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है। पावर हाउस फ्लाईओवर से युवती के गिरने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है, जबकि दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर हुए हादसे में टक्कर के कारणों की पड़ताल की जा रही है।