महादेव सट्टा ऐप पर CBI का बड़ा एक्शन: 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे

महादेव सट्टा ऐप पर CBI का बड़ा एक्शन: 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। सीबीआई के मुताबिक, जब्त सामग्री से सट्टेबाजी की रकम के लेनदेन में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। कई ठिकानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय मिले, जिन्हें बाद में बंद करा दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, मुंबई, नागपुर, अमृतसर, भोपाल और रायपुर सहित विभिन्न शहरों में पैनल संचालकों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष अदालत ने पूछताछ के लिए उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में सौंपा था। पूछताछ के दौरान एजेंसी को ऐप के संचालन और देशभर में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिली। सीबीआई ने उससे जांच में पहले जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी पूछताछ की।

सीबीआई प्रवक्ता बीना यादव के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में इसका नेटवर्क पैनल संचालकों के जरिए चलता था।

दूसरों के नाम पर खाते, हवाला से विदेश भेजते थे रकम
जांच एजेंसी के अनुसार, पैनल संचालक ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टे की रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराये पर लिए गए थे। इसके बाद कथित तौर पर मुनाफे की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी।

म्यूल बैंक खाते ऐसे खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से अर्जित धन को प्राप्त करने, दूसरे खातों में स्थानांतरित करने और उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता है। सीबीआई ने छापेमारी में मिले दस्तावेजों और डिजिटल सामग्री को जांच के लिए जब्त किया है।

6 हजार करोड़ रुपये के घोटाले की जांच
सीबीआई के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार से जांच मिलने के बाद एजेंसी ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित सट्टेबाजी घोटाले की जांच में क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य आयोजनों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

जांच एजेंसी अब विदेश में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

ED ने भी सौरभ को किया गिरफ्तार
सीबीआई की आठ दिन की हिरासत समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद 13 नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में उसे गिरफ्तार किया। अदालत ने ईडी को पूछताछ के लिए उसकी हिरासत दी है।

सीबीआई ने लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी अन्य व्यक्ति को अपने बैंक खाते, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किराये पर देना या इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराना भी आपराधिक कार्रवाई का कारण बन सकता है।