रायपुर पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा: 106 की चेकिंग, 68 की कराई परेड
शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम जोन पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 106 बदमाशों की चेकिंग की गई और 68 की परेड कराई गई। पुलिस ने सात बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, जबकि दो स्थाई वारंट और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। इसमें पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल रहीं।
बदमाशों को दी गई सख्त हिदायत
अभियान के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों में रहने वाले गुंडा और निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी मौजूदा गतिविधियों, रहन-सहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी ली गई। उनकी परेड कराकर अपराधों से दूर रहने और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने उन्हें निर्देशित किया कि थाना में उपस्थित होने के लिए बुलाए जाने पर तत्काल पहुंचें। भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
सक्रिय बदमाशों और वारंटियों पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, अभियान में लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए सक्रिय बदमाशों को चिन्हांकित कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही फरार वारंटियों की तलाश कर स्थाई और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी की गई।
पश्चिम जोन पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



