भोपाल से ट्रेन में भरकर रायपुर पहुंचा 300 किलो संदिग्ध पनीर, रेलवे स्टेशन पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। त्योहार खत्म होने के बाद भी मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों की थाली तक पहुंचने से पहले ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक बड़ी खेप पकड़ ली है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह पूरी खेप मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर लाई गई थी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह पनीर किसके लिए मंगाया गया था और इसकी गुणवत्ता कैसी है?
जानकारी के मुताबिक, रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम को पनीर की खेप मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 300 किलो पनीर जब्त किया। प्रारंभिक जांच में पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह सामने आया है। खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि जब्त किए गए पनीर में 150 किलो पनीर बालाजी एंटरप्राइजेज कंपनी के नाम से मिला है। वहीं बाकी 150 किलो पनीर बिना किसी ब्रांड और लोगो के पाया गया। विभाग ने पूरे पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही इस खेप के मालिक और इसे मंगाने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच रिपोर्ट बताएगी पनीर असली या नकली
अधिकारी विनोद गुप्ता के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर प्रतिबंधित है। इसी वजह से जब्त पनीर के नमूनों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल केवल संदेह के आधार पर इसे मिलावटी या नकली घोषित नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पनीर किस प्रकृति का है और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध
गौरतलब है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद दूसरे राज्यों से ऐसे उत्पादों की खेप छत्तीसगढ़ पहुंचने की कोशिशें सामने आ रही हैं।



