कांग्रेस में फिर उभरी अंदरूनी कलह, PCC सचिव निवेदिता चटर्जी का इस्तीफा
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर संगठनात्मक असंतोष खुलकर सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र के माध्यम से सौंपा है।
पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप
अपने इस्तीफे में निवेदिता चटर्जी ने संगठन में लंबे समय से उपेक्षा और जिम्मेदारी न मिलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि पिछले 11 वर्षों से वह लगातार पार्टी के लिए कार्य कर रही हैं, बावजूद इसके उन्हें कोई ठोस जिम्मेदारी या आगे बढ़ने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से वह लगातार PCC सचिव के पद पर बनी रहीं, जबकि इसी दौरान कई नेता ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर विधायक, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों तक पहुंच गए।
निवेदिता चटर्जी ने पत्र में उल्लेख किया कि उनके सामने ही दीपक बैज ब्लॉक अध्यक्ष बने, विधायक और सांसद बने तथा अंततः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी बने, लेकिन वह स्वयं वर्षों से उसी पद पर बनी रहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के कठिन समय में वह हमेशा संगठन के साथ खड़ी रहीं, लेकिन जब उन्हें समर्थन और सम्मान की आवश्यकता थी, तब संगठन ने उनका साथ नहीं दिया।
इस्तीफे में उन्होंने संगठन के भीतर लगातार अनदेखी, अवसरों की कमी और उपेक्षा को अपने फैसले का मुख्य कारण बताया है। इस घटनाक्रम को छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बढ़ती अंदरूनी असंतुष्टि और असंतोष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।



