जेवर खरीदने आई महिला 5 लाख के गहने पहनकर फरार
राजधानी के टिकरापारा क्षेत्र में एक सराफा दुकान से महिला द्वारा करीब पांच लाख रुपये के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिकरापारा पुलिस के अनुसार देवपुरी सतनाम चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में दोपहर करीब 3 बजे एक महिला कमलेश्वरी साहू और उसके साथ एक पुरुष मेशराम साहू पहुंचे। दोनों ने दुकान संचालक से जेवर खरीदने की बात कहकर अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा।
दुकान में मौजूद गहनों में से महिला ने रानी हार, कान की बालियां, अंगूठी, बिछिया और पायल पहनकर देखने की बात कही। गहने पहनने के बाद महिला ने कहा कि वह अपनी सहेली से पैसे लेकर तुरंत लौटती है और दुकान से बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर संचालक को शक हुआ।
दुकान संचालक दुर्गा प्रसाद सोनी (58) के अनुसार महिला अपने साथ करीब 4.93 लाख रुपये कीमत के गहने लेकर फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रात करीब 10 बजे टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।



