शातिर महिला ने नकली सोना टिकाकर ज्वेलर्स को लगाया लाखों का चूना

शातिर महिला ने नकली सोना टिकाकर ज्वेलर्स को लगाया लाखों का चूना

दुर्ग। दुर्ग में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक महिला ने नकली सोना देकर ज्वेलर्स को लाखों रुपए का चूना लगा डाला। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। सूत्र के अनुसार दुर्ग पुलिस ने महिला ठग को CCTV फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस महिला को थाने ले गई। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है की महिला ने सोना गैंग के किसी दूसरे सदस्य को दे दी है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है।जानकारी के अनुसार संचेती ज्वेलर्स के संचालक को महिला ठग ने 2 लाख 25 हजार रुपए का चूना लगा दिया। महिला ने ज्वेलर्स को नकली सोने की चेन देकर उसके बदले में सोने की अंगूठी और चूड़ियां ले लिया। ज्वेलर्स ने सोने को चेक किया तो नकली निकला। पुलिस के अनुसार सुभाष संचेती (57 साल) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। 18 जुलाई की शाम एक महिला सोने की अंगूठी और चूड़ी खरीदने के लिए दुकान आई थी। उसने एक सोने की अंगूठी और चूड़ी पसंद की। बदले में उसने सोने की एक पुरानी चेन दी और कहा कि इसको लेकर उसकी जगह अंगूठी और चूड़ी दे दीजिए।देखने में महिला किसी अच्छे घर से लग रही थी। इसलिए सुभाष संचेती ने बिना सोने को परखे ही सोने की चेन का वजन किया। महिला को बताया कि उसकी चेन 2 लाख 18 हजार रुपए की हो रही है। साथ ही अंगूठी और चूड़ी 2 लाख 15 हजार रुपए की है। ज्वेलर्स से 3 हजार कैश और अभूषण लेकर महिला चली गई। सुभाष संचेती ने चेन गलाकर देखा तो नकली मिली। बताया जाता है की महिला ने विश्वास जताने के लिए उसने अपना आधार कार्ड दिया था। नाम रीमा देवी पति गोलू पंडित निवासी दिगंबर जैन धर्मशाला के सामने चांदनी चौक नई दिल्ली लिखा हुआ था। साथ ही उसने अपना वर्तमान पता सुभाष नगर दुर्ग भी बताया। महिला ने आधार कार्ड की फोटोकॉपी में अपना हस्ताक्षर करके भी दिया था।