पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल का व्हाट्सएप हैक, समर्थकों से मांगे गए पैसे

पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल का व्हाट्सएप हैक, समर्थकों से मांगे गए पैसे

 डिजिटल ठगी का एक और मामला सामने आया है। धरसींवा के पूर्व भाजपा विधायक देवजी भाई पटेल का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसके बाद हैकर्स ने उनके नंबर से हजारों कार्यकर्ताओं, परिचितों और समर्थकों को संदेश भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे कई लोगों के मोबाइल पर पूर्व विधायक के नंबर से रुपये मांगने वाले संदेश आने लगे। जब बड़ी संख्या में ऐसे मैसेज पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना देवजी भाई पटेल को दी, जिसके बाद व्हाट्सएप हैक होने का खुलासा हुआ।

साइबर अपराधियों ने पूर्व विधायक के साथ-साथ उनके कार्यालय प्रभारी आदित्य शर्मा का मोबाइल नंबर भी हैक कर लिया। आरोप है कि हैकर्स ने लोगों को फोन कर पैसों की मांग की और कुछ लोगों से अभद्र व्यवहार भी किया। मामले की जानकारी मिलते ही देवजी भाई पटेल ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके मोबाइल नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश, फोन कॉल या पैसों की मांग पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में ऑनलाइन भुगतान न करें।

घटना के बाद उन्होंने साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि साइबर सेल को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपराधियों तक पहुंचकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और हैकर्स का पता लगाने का प्रयास जारी है।