नारायणपुर में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, हथियारों के साथ डिजिटल उपकरण जब्त
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। बीएसएफ की टीम ने सोनपुर क्षेत्र के कदेर जंगल में नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया, जहां से हथियार, गोला-बारूद और बड़ी मात्रा में डिजिटल संचार उपकरण जब्त किए गए। अधिकारियों का मानना है कि इन उपकरणों की जांच से नक्सली नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने 78 मेमोरी कार्ड, 6 पेन ड्राइव, जीपीएस, आरएफ डिटेक्टर, एंटीना समेत अन्य संचार उपकरण बरामद किए। इसके अलावा डंप से आठ राइफल और बंदूकें, दो बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) तथा भारी मात्रा में गोला-बारूद भी मिला।
बम निरोधक दस्ते ने मौके पर बरामद 44 बीजीएल शेल को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट किया। सर्चिंग के दौरान नक्सली साहित्य, वर्दियां और चिकित्सा सामग्री भी बरामद की गई। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बरामद डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच कर नक्सली संगठन के नेटवर्क, गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी रहेगा और पुराने ठिकानों व छिपे डंप की तलाश तेज की जाएगी। इस कार्रवाई को क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



