मवेशी और गांजा की तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़, पुलिसकर्मियों पर तान दिया था लोडेड पिस्टल और कट्टा, 10 गिरफ्तार

मवेशी और गांजा की तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़, पुलिसकर्मियों पर तान दिया था लोडेड पिस्टल और कट्टा, 10 गिरफ्तार

बिलासपुर। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से आकर मवेशी और गांजा की तस्करी करने वाले बड़े गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल और कट्टा तान दिया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों से एक लोडेड पिस्टल, 2 लोडेड देशी कट्टा, 13 जिंदा राउड, एक खाली खोखा, 2 मैग्जीन, धारदार हथियार, 2 कार और 2 ट्रक के साथ 21 किलो गांजा बरामद किया है। घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है।

एसपी रजनेश सिंह ने मीडिया बताया कि शनिवार की रात हिर्री पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बेलमुंडी स्थित सूने यार्डनुमा बाउंड्रीवाल और मकान में 8-10 बाहरी लोग ठहरे हुए हैं। उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं, जिनके पास घातक हथियार भी है। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों के साथ ही एंटी साइबर एंड क्राइम यूनिट (ACCU), चकरभाठा और हिर्री थाने के जवानों की टीम बनाकर रेड की गई। इस दौरान जवानों को देखकर बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और फायरिंग करने की चेतावनी दी, फिर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस जवानों ने भी पहले से ही चारों तरफ घेराबंदी कर लिया था। लिहाजा, भागने से पहले ही पुलिस ने 10 लोगों को दबोच लिया।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि आरोपी युवक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में मवेशी तस्करी, डकैती, हत्या और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। आरोपी युवकों की जानकारी अलग-अलग राज्यों की पुलिस को भेजा गया है। इसके माध्यम से उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के जनकपुरी के सडगोदली निवासी इमरान कुरैशी (50), जब्बार गौरी (30, हिरीं के मेड़पार बाजार निवासी विनोद कुमार घृतलहरे (38), महाराष्ट्र के भंडारा जिले के जवाहरनगर, परसोड़ी निवासी तरसेम लाल भगत (38), उत्तरप्रदेश कानपुर के भोगनीपुर के चांदापुर निवासी अजमेरी (27), उत्तरप्रदेश सराहनुपर जिले के गंगोह के लखनौती निवासी मोहम्मद फरमान (27), वाजिद कुरैशी (22), साकिब कुरैशी (21), नवील खान (20), दानिश कुरैशी (20) शामिल हैं।