पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61% से अधिक मतदान
पश्चिम बंगाल में बुधवार यानी आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। बंगाल की जनता इस मतदान में 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेगी। राज्य में एक तरफ ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा ने पहली बार कमल खिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ है।
हुगली जिले में 43 फीसदी तो हावड़ा में 39 फीसदी मतदान
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 11 बजे तक हुगली जिले में 43 फीसदी, हावड़ा में 39 फीसदी, कोलकाता उत्तर में 38 फीसदी और कोलकाता दक्षिण में 36 फीसदी मतदान हुआ है।
पीएम मोदी बोले- बंगाल में जो अब तक नहीं हुआ, वो अब हो रहा
उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल चुनाव को लेकर कहा, 'आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।'



