पुलिस उपायुक्त ने किया खमतराई थाना का औचक निरीक्षण

पुलिस उपायुक्त ने किया खमतराई थाना का औचक निरीक्षण

रायपुर पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर ने 29 अप्रैल को थाना खमतराई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, अभिलेख, अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों और स्टाफ की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के संधारण पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस उपायुक्त ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और गंभीर प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मालखाना में रखी जब्त सामग्री के रख-रखाव और सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।

उन्होंने वारंटियों की तामिली तेज करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और सम्मन-वारंट की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करने को कहा। कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

महिला और बाल सुरक्षा के मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट विकसित करने और लंबे समय से थाने में खड़े जब्त वाहनों के विधिसम्मत निराकरण के निर्देश दिए गए।

इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस उपायुक्त ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को टीमवर्क के साथ बेहतर कार्य करने और आमजन से संवाद मजबूत रखने के लिए प्रेरित किया।