“विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम: युवा सपनों को मिला मार्गदर्शन, उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरणादायक पहल” “पढ़ो, बढ़ो और देश का नाम रोशन करो”—पुरंदर मिश्रा का युवाओं को संदेश
रायपुर - राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन (छत्तीसगढ़ मंडपम हॉल) में 29 अप्रैल को संत गोबिंदराम शदाणी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की छात्राओं के साथ “विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम महामहिम राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संत डॉ साई युधिष्ठिर लाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा “जय श्री राम” एवं “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ किया गया, जिससे वातावरण श्रद्धा और ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर विधायक श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्यपाल रमेन डेका के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रदेश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज देश में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि यह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने महामहिम राज्यपाल एवं विधायक पुरंदर मिश्रा से उनके छात्र जीवन के अनुभव, परीक्षा के तनाव को नियंत्रित करने, दबाव से निपटने और जीवन में लक्ष्य निर्धारण जैसे विषयों पर अनेक प्रश्न पूछे। राज्यपाल रमेन डेका एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने छात्राओं के प्रश्नों का आत्मीयता से उत्तर देते हुए शिक्षा, जीवन मूल्यों, आत्मविश्वास और लक्ष्य प्राप्ति के विषय में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। छात्राओं की जिज्ञासा, उनके सपनों और सीखने की लगन ने सभी को प्रभावित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने माता-पिता, क्षेत्र, राज्य और देश का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने मोबाइल के संतुलित उपयोग पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी कि रात 10 बजे के बाद मोबाइल का उपयोग न करें, जिससे मानसिक एकाग्रता और स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन प्राचार्या उषा किरण अग्रवाल ने दिया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन संजय जोशी द्वारा किया गया। मंच संचालन कविता शर्मा एवं वैशाली गौतम हिरवे ने प्रभावी रूप से किया।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य दर्शन निहाल, सिमरन हिंदुजा, गोपाल सोना, सुरेंद्र छाबड़ा, बंटी गाबड़ा, नंदलाल साहिता सहित महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापकगण—डॉ. बी.डी. थदलानी, सिरिल डेनियल, रवि शर्मा, उषा अग्रवाल, रीता शबनम लुका, मनोज राव, भूमिराज पटेल, शीला दुबे एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सतीश कन्हैयालाल छुगानी ने सभी अतिथियों, छात्राओं एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा स्रोत सिद्ध हुआ।



