आग में जलकर महिला की मौत, मोमबत्ती की रोशनी में जरिकेन से निकाल रही थी पेट्रोल

आग में जलकर महिला की मौत, मोमबत्ती की रोशनी में जरिकेन से निकाल रही थी पेट्रोल

सरगुजा। घर और दुकान में लगी आग से एक महिला की जलकर मौत हो गई है। आग लगने की सूचना पर अंबिकापुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने गंभीर रूप से झुलसी दरिना सिंह और अजय (20) को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया। यहां इलाज के दौरान दरिना ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कंचनपुर में बीती रात बिजली गुल हो गई थी। रात करीब 8 बजे लाल साय की किराना दुकान में उसकी पत्नी दरिना सिंह (24 वर्ष) बैठी थी। रात करीब 8 बजे एक युवक अजय दुकान में पेट्रोल लेने के लिए पहुंचा था। दरिना सिंह बिजली गुल होने के कारण मोमबत्ती की रोशनी में जरिकेन से पेट्रोल निकाल रही थी।जरिकेन के पास मोमबत्ती होने के कारण आग एकाएक भभक उठी। जरिकेन में रखे पेट्रोल से भड़की आग की चपेट में आकर दरिना सिंह और अजय सिंह झुलस गए। बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण दरिना सिंह अंदर भागी। देखते ही देखते दुकान और पूरे घर में आग फैल गई।

महिला आग लगने के बाद दुकान के भीतर कोने में खड़ी हो गई। इसी दौरान दुकान में रखे फ्रीज का कंप्रेशर फट गया। इससे आग भीतर तक फैल गई।हड़बड़ी में महिला के हाथ से पेट्रोल का डिब्बा युवक अजय की तरफ गिरा, जिससे युवक उसकी चपेट में आया। युवक ने तत्काल जलते हुए पेट्रोल के डिब्बे को पैर से मार कर बाहर किया, लेकिन इस दौरान उसका पैर आग में झुलस गया।आग बुझाने पहुंचे दमकलकर्मियों को पता चला कि किराना दुकान संचालक की पत्नी दरिना घर के भीतर आग में फंसी हुई है। फायर ब्रिगेड के गौरव पाठक, नंदकिशोर, राजेश्वर लपटों के बीच से होते हुए अंदर घुसे एवं दरिना को किसी तरह बाहर निकाला। तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।