PG कक्षाएं शुरू करने की मांग तेज, NSUI ने उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

PG कक्षाएं शुरू करने की मांग तेज, NSUI ने उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

एनएसयूआई रायपुर ग्रामीण के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर महाविद्यालय में एम.कॉम. और एम.एससी. की स्नातकोत्तर (PG) कक्षाएं जल्द शुरू करने समेत छात्रों की विभिन्न शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।

एनएसयूआई ने ज्ञापन में कहा कि महाविद्यालय में पीजी कक्षाएं संचालित नहीं होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

संगठन ने महाविद्यालय में पत्रिका, साइकिल स्टैंड, वाचनालय और प्रयोगशाला जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। साथ ही जनभागीदारी और एनएसएस मद की राशि के उपयोग की निष्पक्ष जांच, छात्रों से असाइनमेंट के नाम पर कराए जा रहे कथित अनुचित कार्यों पर रोक तथा महाविद्यालय के प्राचार्य की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए स्वतंत्र समिति गठित करने की मांग भी उठाई।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि छात्रहित से जुड़ी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बिरगांव ब्लॉक अध्यक्ष रितिक देवांगन, प्रदेश सचिव विकाश राजपूत, कृणाल सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष मुंसद अली, प्रदेश प्रवक्ता शाहिद खान, ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष अजय बंजारे सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।