‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, दो दिन में दुनियाभर में कमाए 210.65 करोड़

1.

 सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने रिलीज के शुरुआती दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की है। फिल्म ने दुनियाभर में 210.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म बृहस्पतिवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

पहले दिन 125 करोड़ से ज्यादा की कमाई
फिल्मों के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 125.25 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन फिल्म ने 85.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म का वैश्विक कलेक्शन 210.65 करोड़ रुपये पहुंच गया। भारत में फिल्म की कुल कमाई 113.65 करोड़ रुपये बताई गई है।

नेल्सन दिलीपकुमार ने संभाली निर्देशन की कमान
‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। उन्होंने ही वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘जेलर’ का निर्देशन भी किया था। फिल्म का निर्माण कलानिधि ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया है, जबकि इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।

रजनीकांत के साथ कई बड़े कलाकार
फिल्म में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन और सूरज वेंजारामूडु अहम भूमिकाओं में हैं। इसके साथ ही मोहनलाल और शिव राजकुमार सहित कई कलाकार विशेष भूमिकाओं में नजर आते हैं।

पहली फिल्म की कहानी मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द
पहली फिल्म ‘जेलर’ की कहानी सेवानिवृत्त जेलर मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती है। नौकरी छोड़ने के बाद वह अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताता है। हालांकि, मूर्ति तस्करी गिरोह की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा लापता हो जाता है और उसे मृत मान लिया जाता है। इसके बाद पांडियन की जिंदगी में घटनाएं नया मोड़ लेती हैं।