थप्पड़ मारने से नाराज पत्नी ने लोहे के बाट से पति के सिर पर किया हमला, मौत के बाद हुई गिरफ्तार

थप्पड़ मारने से नाराज पत्नी ने लोहे के बाट से पति के सिर पर किया हमला, मौत के बाद हुई गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा लोहे के बाट से हमला किए जाने से पति की मौत हो गई। घटना त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र के पलगी छतौली पारा की है। खाना नहीं बनाने की बात पर पति द्वारा पत्नी को थप्पड़ मारने से नाराज महिला ने घर में रखे लोहे के किलोबाट से उसके माथे पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर की रात की है। मृतक प्रभात कुम्हरिया अपनी पत्नी राजपति कुम्हरिया (32) के साथ गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गया था। दिनभर काम करने के बाद दोनों रात करीब 8 से 9 बजे शराब पीकर घर लौटे। अधिक नशे में होने के कारण पत्नी ने खाना नहीं बनाया। इसके बाद प्रभात ने स्वयं खाना तैयार किया। खाना बनाने के बाद प्रभात अपनी पत्नी को भोजन करने के लिए बुलाने गया। इसी दौरान खाना नहीं बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर प्रभात ने पत्नी के गाल पर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज राजपति ने घर में रखे लोहे के किलोबाट से पति की बाईं आंख के ऊपर माथे पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद उसने पति को धक्का भी दे दिया, जिससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी महिला दूसरे कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद प्रभात भी उसके पास जाकर सो गया। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे राजपति ने उठकर पति को जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

शिकायत के बाद खुला हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन रामदेव कुम्हरिया ने 16 नवंबर को त्रिकुण्डा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। जब्ती कार्रवाई और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पत्नी राजपति कुम्हरिया के विरुद्ध हत्या का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को रामानुजगंज स्थित जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।