भाटागांव विवाद की आंच MIC बैठक तक! 4 घंटे से महापौर-MIC अंदर, आयुक्त बाहर...
भाटागांव सब्जी बाजार के व्यापारियों को हटाने की कार्रवाई को लेकर चल रहा विवाद अब रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक तक पहुंचता नजर आ रहा है। बुधवार को दोपहर 1 बजे प्रस्तावित बैठक शाम तक शुरू नहीं हो सकी। बैठक के लिए महात्मा गांधी सदन में महापौर और MIC सदस्य मौजूद रहे, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी बैठक शुरू नहीं होने से निगम मुख्यालय में गहमागहमी का माहौल बन गया।
भाटागांव कार्रवाई को लेकर नाराजगी की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, भाटागांव सब्जी बाजार में व्यापारियों को हटाने की कार्रवाई को लेकर महापौर और MIC सदस्यों में निगम के अधिकारियों के प्रति नाराजगी है। इसी वजह से बैठक शुरू होने में देरी की चर्चा है।
हालांकि, बैठक में देरी का आधिकारिक कारण नगर निगम की ओर से फिलहाल स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच मतभेद की वजह को लेकर सामने आ रही बातों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बैठक कक्ष में महापौर और MIC सदस्य, आयुक्त बाहर निकले
गहमागहमी के बीच नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा बैठक स्थल से बाहर निकल गए, जबकि महापौर और अन्य MIC सदस्य बैठक कक्ष में मौजूद रहे। लंबे समय तक बैठक शुरू नहीं होने से निगम मुख्यालय में चर्चाओं का दौर चलता रहा।
भाटागांव में पहले भी हुआ था विवाद
भाटागांव बाजार में सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले व्यापारियों को हटाने की निगम कार्रवाई को लेकर पिछले दिनों भी विवाद हुआ था। 23 सितंबर को कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी थी। पुलिस ने निगम कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।
इसके बाद बाजार में दुकान आवंटन और कार्रवाई को लेकर भी व्यापारियों की ओर से सवाल उठाए गए हैं। वहीं निगम का कहना है कि बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए विक्रेताओं को निर्धारित और आवंटित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
अब बैठक में क्या होगा, इस पर नजर
भाटागांव विवाद के बीच MIC की बैठक में पैदा हुई स्थिति को लेकर अब निगम के भीतर आगे क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नजर है। बैठक शुरू होने और उसमें लिए जाने वाले निर्णय के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



