महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण को मोदी सरकार ने दी नई गति : नवीन अग्रवाल
टेकारी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, बच्चों को कराया अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं को वितरित किए पोषण किट
रायपुर। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत ग्राम टेकारी (मांढर) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं शासकीय प्राथमिक शाला में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धरसीवां विधायक श्री अनुज शर्मा एवं जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर बच्चों को पोषण आहार एवं अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं ग्रामीण महिलाओं से संवाद करते हुए पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुपोषित बचपन ही विकसित भारत और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
महिलाओं के विकास को मिली नई दिशा
जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्ण जीवन देने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का विस्तार किया है। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में तेजी से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ गांव की अंतिम पंक्ति में खड़ी माता-बहनों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “सुपोषित बच्चे, स्वस्थ माताएं और जागरूक परिवार ही सशक्त समाज की पहचान हैं।”
नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से प्रारंभ “सेवा संकल्प अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और संवेदना पहुंचाने का संकल्प है। भाजपा का मूल मंत्र ही “सेवा ही संगठन” है और ऐसे सेवा कार्य इसी भावना को गांव-गांव में मजबूत करते हैं।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से सरकार की पोषण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को उनके सेवाभाव के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, गर्भवती महिलाएं, बच्चों के परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



