आम की कैरेट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 207 किलो गांजा
जशपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के दोकड़ा चौकी पुलिस ने आम से भरे पिकअप वाहन से 207 किलो अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद ग्राम देवरी और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। वाहन में ऊपर से कच्चे आम की कैरेट रखी गई थीं, जबकि नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने 207 पैकेट में करीब 207 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के ग्राम विमड़ा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



