शराबी पति ने पत्नी की लाठी से पीटकर की हत्या

शराबी पति ने पत्नी की लाठी से पीटकर की हत्या

 बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदवन गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दंपति के दोनों बेटे घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि आरोपी पति शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। रविवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आरोपी ने डंडे से पत्नी के सिर पर लगातार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडे सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अभी नशे की हालत में है। होश में आने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वहीं, महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।