तीरथगढ़ जलप्रपात में प्रतिबंध के बावजूद नहाए पर्यटक, रोकने पहुंचे वनकर्मियों से विवाद; वायरल वीडियो की जांच शुरू
बस्तर के प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात का एक वायरल वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में प्रतिबंध के बावजूद कुछ पर्यटक जलप्रपात में स्नान करते नजर आ रहे हैं।
उन्हें रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते कथित मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
करीब 50 फीट ऊंचे तीरथगढ़ जलप्रपात में सुरक्षा कारणों से पहले से ही स्नान पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी कर अपनी जान जोखिम में डालते हुए पानी में उतर गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेराबंदी और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वायरल वीडियो के आधार पर दरभा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, वन विभाग भी घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटा है। यह घटना पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन और पर्यटकों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।



