जगदलपुर से पुरी के लिए विशेष ट्रेन रवाना, ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने शुरू किया सफर
बस्तर के श्रद्धालुओं के लिए बुधवार की सुबह उत्साह और आस्था से सराबोर रही। जगदलपुर रेलवे स्टेशन से भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खुशी और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा शुरू की। सीधी रेल सेवा मिलने से बस्तर से पुरी जाने वाले यात्रियों का लंबा और कठिन सफर अब काफी आसान हो गया है।
यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्टेशन पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। प्लेटफॉर्म पर लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की गईं।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, अनजान लोगों से खाने-पीने की कोई वस्तु स्वीकार नहीं करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना देने की अपील की।
उधर, पुरी रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष ट्रेन बस्तर के श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ की नगरी से सीधे जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।



