राजनांदगांव में कारोबारी ठिकानों पर EOW-ED के छापे से मचा हड़कंप
राजनांदगांव जिला मुख्यालय में एक बार फिर जांच एजेंसियों की कार्रवाई से कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर के सत्यम विहार कॉलोनी में यश और रोमिल नाहटा के घर एवं कार्यालय में EOW की टीम जांच कर रही है। वहीं कामठी लाइन क्षेत्र में कारोबारी मनीष भंसाली के घर ED की टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी है।
दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच
जानकारी के मुताबिक जांच टीमों द्वारा संबंधित परिसरों में दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौजूदा कार्रवाई किस प्रकरण या शिकायत से संबंधित है। जांच एजेंसियों की ओर से भी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पिछले साल भी हुई थी कार्रवाई
इन ठिकानों पर पहले भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो चुकी है। 29 अक्टूबर 2025 को राजनांदगांव में हुई बड़ी कार्रवाई के दौरान सत्यम विहार कॉलोनी स्थित यश नाहटा और कामठी लाइन क्षेत्र में मनीष भंसाली के ठिकानों पर छापेमारी की खबर सामने आई थी। उस दौरान रायपुर से करीब 10 वाहनों में अधिकारियों की टीम के पहुंचने और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों एवं वित्तीय रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
अब एक बार फिर इन्हीं इलाकों में जांच एजेंसियों की मौजूदगी से चर्चाओं का बाजार गर्म है। कारोबारी और राजनीतिक हलकों में कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, जांच किस मामले में की जा रही है और अधिकारियों को अब तक क्या जानकारी मिली है, इसकी पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।
फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियों की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह और जांच के दायरे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



