शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने कसी कमर, 632 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था; 9 पार्किंग स्थल निर्धारित

शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने कसी कमर, 632 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था; 9 पार्किंग स्थल निर्धारित

भिलाई। जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में 17 से 26 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार किया है। बोलबम सेवा समिति खुर्सीपार, भिलाई द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले कथा वाचन करेंगे। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, प्रवेश और निकास को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।

आयोजन की व्यापकता को देखते हुए कुल 632 पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसमें राजपत्रित अधिकारियों के साथ निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और महिला पुलिस बल शामिल हैं। पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित भीड़ वाले स्थानों पर तैनात किया जाएगा।

632 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

सुरक्षा व्यवस्था में 04 ASP/AC, 18 DSP/DC, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं। पुलिस बल को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर तैनाती की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी पर्याप्त तैनाती की गई है।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ की लगातार निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रवेश और निकास मार्गों के साथ भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ने या यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में पुलिस तत्काल आवश्यक कदम उठाएगी। बच्चों, बुजुर्गों और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कलेक्टर और SSP ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर ने जयंती स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और आयोजन समिति को आयोजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

कंट्रोल रूम में हुई समन्वय बैठक

पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, आयोजन समिति, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संभावित भीड़, श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात दबाव, पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

सभी विभागों और आयोजन समिति के दायित्व तय किए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी व्यवस्था में भ्रम की स्थिति न बने।

9 पार्किंग स्थल तय

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कुल 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

  1. भिलाई निवास के सामने हेलिपैड
  2. भिलाई निवास के बगल फुटबॉल ग्राउंड
  3. प्रगति मैदान के पीछे, वीआईपी पार्किंग
  4. बैंक परिसर, वीआईपी पार्किंग
  5. सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड
  6. कला मंदिर के सामने
  7. शहीद उद्यान के सामने
  8. हरिराज सिविक सेंटर के बगल में
  9. पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने

पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने और सड़क किनारे अथवा मुख्य मार्गों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है।

चार दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग

रायपुर, चरौदा, भिलाई-3, नंदिनी और पावर हाउस की ओर से

कुहराली → सिरसा गेट → पावर हाउस/चंद्रा-मौर्या → 25 मिलियन टन चौक → सेक्टर-06 पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग → वहां से पैदल जयंती स्टेडियम।

कुम्हारी, खेमटा, धमधा, जेवरा सिरसा और नेहरू नगर की ओर से

ग्रीन चौक → राजेंद्र पार्क चौक → सेक्टर-09 चौक → सेक्टर-06 ग्राउंड पार्किंग → वहां से पैदल जयंती स्टेडियम।

राजनांदगांव और बालोद की ओर से

पुलगांव चौक → जेल तिराहा → भिलाई निवास के सामने हेलिपैड ग्राउंड पार्किंग → वहां से पैदल कार्यक्रम स्थल।

धमतरी, अभनपुर और पाटन की ओर से

उतई नेवई → भिलाई निवास के बाजू फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग → वहां से पैदल कार्यक्रम स्थल।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मुख्य मार्ग, प्रवेश मार्ग या सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश मार्ग भी तय

आयोजन में अलग-अलग श्रेणी के लोगों के लिए प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

महाराज एवं आयोजक परिवार: मंच के पीछे गेट/फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग।

वीआईपी: शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग तथा पार्किंग क्लब के पास से।

सामान्य श्रद्धालु: भिलाई क्लब, मिराज चौक यानी सीए चौक और बैंक परिसर चौक की ओर से।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित प्रवेश मार्ग का ही इस्तेमाल करें और मौके पर पुलिस एवं आयोजन समिति के निर्देशों का पालन करें।