स्पा सेंटरों पर रायपुर पुलिस का एक्शन जारी, दो को सील किया
शहर के स्पा सेंटरों में 29 अगस्त को चलाए गए व्यापक जांच अभियान के बाद रायपुर पुलिस ने अब अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने और लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं करने पर सील कर दिया गया है। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार कर उन्हें विधिवत सील किया।
30 स्पा सेंटरों में हुई थी एक साथ जांच
दरअसल, 29 अगस्त को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। इस कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
जांच के दौरान स्पा सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, CCTV रिकॉर्डिंग की व्यवस्था और लाइसेंस संबंधी शर्तों समेत कई बिंदुओं की पड़ताल की गई थी।
इन दो स्पा सेंटरों पर गिरी गाज
जांच के बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र में दो स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की।
रिफ्लेक्शन स्पा, उषा प्राइड, मोवा
ला थाई स्पा, अंबुजा मॉल
पुलिस के मुताबिक, दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने थाना पंडरी पुलिस की मौजूदगी में दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार किया और उन्हें सील कर दिया।
नॉर्थ जोन पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन में की गई। एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना पंडरी पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई पूरी की।
स्पा संचालकों को पुलिस की सख्त हिदायत
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संचालकों को गुमास्ता लाइसेंस और ट्रेड लाइसेंस की शर्तों के अनुसार ही सेंटर संचालित करना होगा।
इसके अलावा सेंटर परिसर में CCTV कैमरे लगाना और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करना, ग्राहकों से ID प्रूफ लेना और वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगामी जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर संबंधित स्पा संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



