शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार : विधायक पुरन्दर मिश्रा
रायपुर। रायपुर के फाफाडीह स्थित शहीद स्मारक उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, शिक्षा के महत्व, भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली। अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से विद्यार्थियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में संजय जोशी जी, नेहा राठौर जी, प्राचार्य रमाकांत झा जी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को गढ़ने और उन्हें जीवन की सही दिशा दिखाने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षकों के संस्कार, अनुशासन और मार्गदर्शन से ही मजबूत चरित्र और सशक्त राष्ट्र की नींव तैयार होती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को जीवन में आत्मसात कर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
विधायक मिश्रा ने विद्यालय के सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु का ज्ञान और मार्गदर्शन समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।



