रायपुर में प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; आरोपी प्रेमी फरार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। माना थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चीखती रही। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। करीब 60 प्रतिशत झुलसी महिला की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान राजकुमारी साहू, निवासी आरंग के रूप में हुई है। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है।
शादी के बाद ससुराल से अलग रह रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी साहू और आरोपी वीरू धीवर के बीच प्रेम संबंध था। महिला की शादी हो चुकी थी और वह शादी के बाद ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी वीरू धीवर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाई और महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
हत्या के प्रयास का केस, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया था। महिला की मौत के बाद मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल वारदात के पीछे की ठीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।



