फिर महंगा हो गया गैस सिलेंडर, जानिए कितने बढ़े दाम
नई दिल्ली। आम लोगों की रसोई पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 7 मार्च से बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की है।वहीं 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के मुताबिक दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है।चेन्नई में सिलेंडर की कीमत 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है। बताया जा रहा है कि संशोधित दरें 7 मार्च से पूरे देश में लागू कर दी गई हैं। गैस की कीमत बढ़ने से आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है।



