भाठागांव में अवैध प्लॉटिंग का नया मामला, पार्षद के भाई का नाम चर्चा में
राजधानी के भाठागांव इलाके में अवैध प्लॉटिंग को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। हाल ही में प्रशासन द्वारा “शंकरा विहार” नाम से विकसित हो रही कॉलोनी पर कार्रवाई के बाद अब उसी क्षेत्र में एक अन्य जमीन पर प्लॉटिंग की गतिविधियों की चर्चा सामने आई है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले भाठागांव क्षेत्र में करीब 6 से 7 एकड़ जमीन पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत में हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आने वाले खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 का उल्लेख किया गया था। इसके बाद प्रशासन और नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी।
कार्रवाई के कुछ दिन बाद ही अब खसरा नंबर 1360/1 की जमीन पर कथित रूप से प्लॉटिंग होने की चर्चा सामने आई है। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 1.0160 हेक्टेयर जमीन अमित अग्रवाल (पिता स्व. राधेश्याम अग्रवाल) के नाम दर्ज है। स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि इस जमीन पर प्लॉटिंग का काम कथित तौर पर लखन सोनकर द्वारा कराया जा रहा है, जिन्हें स्थानीय पार्षद रवि सोनकर का भाई बताया जाता है।
यदि बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही है, तो यह सवाल उठ रहा है कि हाल ही में हुई कार्रवाई के बावजूद उसी क्षेत्र में ऐसी गतिविधियां कैसे जारी हैं।
इधर ताजा जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर ने भी मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब निगाह इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस नए मामले में क्या कदम उठाता है, क्योंकि एक ही इलाके में लगातार अवैध प्लॉटिंग के मामले सामने आने से प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



