अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर शिक्षिका से 4.5 लाख की ठगी

अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर शिक्षिका से 4.5 लाख की ठगी

सरगुजा  जिले में साइबर ठगों ने एक शिक्षिका को अश्लील फोटो वायरल करने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर फोन किया और झूठे आरोप लगाकर मानसिक दबाव बनाया।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को परीक्षा ड्यूटी से लौटते समय शिक्षिका को कॉल आया। ठगों ने कहा कि उनके खिलाफ ऑनलाइन अश्लील सामग्री देखने की शिकायत दर्ज है और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर “सुरक्षा धन” जमा करने का झांसा दिया गया। डर और बदनामी के भय में आकर शिक्षिका ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया।

19 से 25 मार्च के बीच अलग-अलग किश्तों में यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर कराई गई। इस दौरान कुछ पैसे उनके पति ने भी चॉइस सेंटर के माध्यम से भेजे। 25 मार्च को ठगों ने फिर कॉल कर तीन दिन में पैसे लौटाने का झूठा आश्वासन दिया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

बाद में सहकर्मियों से चर्चा करने पर शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।